Maharajganj Times

घुघली में दिनदहाड़े कंपाउंडर के सिर पर लोहे के पाइप से हमला, मचा हड़कंप; वीडियो वायरल

अपराध
Tuesday, 24 Mar, 2026
0
1016

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो: घुघली क्षेत्र के तिवारी बाजार में सोमवार को उस समय दहशत फैल गई, जब दिनदहाड़े एक कंपाउंडर पर लोहे के पाइप से जानलेवा हमला कर दिया गया। खून से लथपथ युवक को देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग सहम उठे। जानकारी के अनुसार, राहुल वर्मा (पुत्र चूल्हई वर्मा), निवासी पतरेगवा थाना सिंदुरिया, तिवारी बाजार स्थित डॉ. डी.के. पाण्डेय के अस्पताल में कंपाउंडर के रूप में कार्यरत है। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह अस्पताल से बाहर निकला, पहले से घात लगाए बैठे उसके रिश्तेदार सदानंद वर्मा (पुत्र अशोक वर्मा), निवासी वार्ड नंबर 5, नगर पंचायत घुघली, ने उस पर अचानक लोहे के पाइप से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले की गंभीरता इतनी थी कि राहुल मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल राहुल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) घुघली भेजा गया, जहां से हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में परिजन उसे KMC अस्पताल ले गए, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह हमला पुरानी रंजिश का परिणाम बताया जा रहा है, जो अब खूनी रूप ले चुका है। घुघली थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जबकि पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

<